दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष ने संभाला पदभार, पीएम का जताया आभार

(यु.सि.) नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दिल्ली प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज प्रदेश कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया है। निवर्तमान अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पार्टी का पटका पहनाकर आदेश गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष का कार्य प्रभार सौंपा। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू, दुष्यंत गौतम, केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल और दिल्ली के सभी सांसद उपस्थित थे। कार्यक्रम के उपरांत आदेश गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री गुप्ता ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू एवं निवर्तमान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ मिलकर पौधारोपण भी किया।

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आदेश गुप्ता को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई देते हुए कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि जिस कर्मठता के साथ आदेश गुप्ता जी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आए हैं उसी तरह बतौर प्रदेश अध्यक्ष पार्टी कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। पूर्व में भारतीय जनता पार्टी के कई महान नेताओं ने इस पद की गरिमा को बढ़ाया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदेश गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा। इस समय दिल्ली संकट के दौर से गुजर रही है, ऐसे समय में हम सभी मिलकर नवनियुक्त दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ दिल्ली को इन चुनौतियों से बाहर निकालने की पूरी कोशिश करेंगे।

यह भी पढ़ेंः कौन हैं दिल्ली भाजपा के नए अध्यक्ष आदेश गुप्ता, एक नज़र इनके सफरनामा पर

नवनियुक्त अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद किया और अपने स्वर्गीय स्वतंत्रता सेनानी दादाजी को याद करते हुए हुए कहा कि यह मेरे लिए ऐतिहासिक क्षण है। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। श्री गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष आभार व्यक्त करता किया और कहा मुझ जैसे छोटे से सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मैं पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि मैं आपके विश्वास पर पूर्ण रूप से खरा उतरूंगा। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बतौर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मैं सभी जिम्मेदारियों को साथ लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के विश्वास के साथ संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करूंगा। वैश्विक महामारी कोरोना के कारण उत्पन्न हुए संकट के समय में बहुत सारी चुनौतियां हैं जिसका हम साथ मिलकर हल निकालेंगे।

Related posts

Leave a Comment