प्रधानमंत्री की अपेक्षाओं को हमें हर हाल में पूरा करना होगा: सीएम

लखनऊ। ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के अवसर पर भारत के उप राष्ट्रपति एम0 वेंकैया नायडू ने राज्य सरकार को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का इतिहास अत्यन्त समृद्ध है। यह आध्यात्मिकता का केन्द्र है। देश के स्वतंत्रता संग्राम में उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह प्रदेश राम, कृष्ण, बुद्ध जैसी महान विभूतियों की कर्मभूमि रहा है।
श्री नायडू ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक दिन अग्रणी राज्य बनेगा।
उन्होंने कहा कि विविधता में एकता भारत की विशेषता है। यह उत्तर प्रदेश पर भी लागू होता है। उन्होंने कहा कि सभी भारतीयों को एकजुट होकर देश को आगे ले जाने का काम करना होगा। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना को विशिष्ट बताते हुए कहा कि इसके तहत लोगों के हुनर को पहचान देते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। इस योजना के लागू होने से रोजगार के अवसर तो सृजित होंगे ही, साथ ही उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों को अपने-अपने उत्पादों को विश्व स्तर पर पहुंचाने का भी अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश की जी0डी0पी0 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रदेश में देश के 08 प्रतिशत लघु उद्योग मौजूद हैं, जिनमें लाखों लोगों को रोजगार मिलता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दावोस में वल्र्ड इकोनाॅमिक फोरम में दिए गए भाषण का उल्लेख करते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा कि पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। उन्होंने देश की राजनीति और सोच में बदलाव लाने पर बल देते हुए कहा कि हमें एकता बनाए रखते हुए मिलकर काम करना होगा।
समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि आज का दिन स्वर्णिम दिवस है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का अत्यन्त महत्वपूर्ण राज्य है। इसके हर जनपद में कोई न कोई हुनर मौजूद है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान भी उन्होंने उत्तर प्रदेश दिवस आयोजित करने का सुझाव दिया था, परन्तु इसका आयोजन नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए आज का दिन सुखद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के प्रथम समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह एक गौरव का क्षण है। उत्तर प्रदेश की गौरवशाली परम्पराओं पर ध्यान केन्द्रित करते हुए इसके विकास पर काम करना होगा। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर की गई अपेक्षाओं को हमें हर हाल में पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश गौरवशाली परम्पराओं वाला राज्य है।

Related posts

Leave a Comment