वर्चुअली संबोधन में PM मोदी ने कहा, राष्ट्र सेवा ही सबसे पहला धर्म है

नई दिल्ली। ‘सेवा ही संगठन’ कार्यक्रम के प्रस्तुतीकरण में शनिवार को प्रधामंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित किए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के समक्ष पार्टी की राजस्थान, महाराष्ट्र, असम, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और दिल्ली इकाई ने डिजिटली अपना प्रस्तुतीकरण दिया और लॉकडाउन के दौरान जन-सेवा के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। राज्यों ने कई लोगों की प्रेरणादायी कहानियों को भी प्रधानमंत्री ने पार्टी नेतृत्व के साथ साझा किया।

पीएम ने पूरे मनोयोग से सभी राज्यों के प्रस्तुतीकरण को देखा और सुना। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने एक संगठन के रूप में जन-सेवा की जो अद्भुत मिसाल पेश की है, वह मानव इतिहास का सबसे बड़ा अभियान है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र की सेवा करना सबसे पहला धर्म है। इस चुनौतीपूर्ण समय में, हमारे कार्यकर्ता भारत भर में अथक प्रयास करके जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं, यह प्रशंसनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन चुनाव जीतने की मशीन नहीं है, हमारे लिए संगठन का मतलब है सेवा, सबका साथ, सबका सुख और सबकी समृद्धि। हमारा संगठन समाज के हित के लिए काम करने वाला संगठन है। इसलिए पार्टी को मंडल स्तर, जिला स्तर, राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान पर एक डिजिटल बुकलेट प्रकाशित करना चाहिए और हम यह लक्ष्य निर्धारित करें कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती यानी 25 सितंबर तक कम से कम तीन भाषाओं हिंदी, अंग्रेजी और मातृभाषा में डिजिटल बुकलेट प्रकाशित हो जाए। यह ऐसी चीज है जो भविष्य में प्रेरणा देने वाली है।

पीएम ने कहा कि मैं पार्टी कार्यकर्ताओं के सेवा भाव से अभिभूत हूँ। मैं पार्टी की अन्य इकाइयों से भी अपील करता हूँ कि वे अपना प्रस्तुतीकरण मुझे भेजें, मैं उन्हें देखूंगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने आपदा को अवसर में बदल दिया। अवसर ये कि आप ज्यादा से ज्यादा लोगों की सेवा कर सकें, ज्यादा से ज्यादा लोगों की तकलीफ कम कर सकें, उन्हें इस मुसीबत से उबार सकें। उन्होंने कहा कि जिसकी हम सेवा करते हैं, उसका सुख ही हमारा संतोष है। इसी भावना से गरीबों के प्रति, इसी समभाव और ममभाव से हमारे कार्यकर्ताओं ने इतने कठिन समय में सेवा ही संगठन का इतना बड़ा अभियान चलाया है। दुनिया की नजरों में पार्टी कार्यकर्ता कोरोना काल में काम कर रहे थे लेकिन मेरी नजर में वे खुद को कसौटी पर कस रहे थे, अपने आदर्शों के बीच खुद को तपा रहे थे। आज मैंने जब प्रेजेंटेशन देखा तो मुझे बड़ा अचरज हुआ। आप लॉकडाउन के बीच अभाव और खतरे के बीच लाखों लोगों का सहारा बने। उनके साथी बने, यह बहुत बड़ा काम है। पार्टी कार्यकर्ताओं का यह अदम्य सेवा भाव और संगठन द्वारा ‘सेवा ही संगठन’ को आत्मसात करना मुझे भी नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री ने इसके लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।

यह भी पढ़ेंः मोस्ट वांटेड विकास दुबे के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ऐसे समय में जब दुनिया में सब अपने आप को बचाने में लगे हों, भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी चिंता छोड़कर खुद को गरीबों-जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर दिया। यह सेवा का बहुत बड़ा उदाहरण है। कई शहरों में हमारे पार्टी कार्यकर्ता खतरे को जानते हुए भी कार्य करते रहे। ऐसे कई साथियों ने जन-सेवा हेतु अपना बलिदान दिया है। मैं उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं एवं उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं उन राज्यों की पार्टी इकाइयों से अनुरोध करता हूं कि वे इन परिवारों को संभालें।

Related posts

Leave a Comment