उत्तर प्रदेश: एक सप्ताह में 30 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित

पीपल का पवित्र पौधा भगवान विष्णु का प्रतिनिधित्व करता है।

लखनऊ। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वन महोत्सव का शुभारम्भ किया। सीएम ने गुरूवार को लखनऊ गोमती नगर सिटी माॅन्टेसरी स्कूल की विस्तार शाखा के प्रांगण में पीपल के पौधे को रोपन कर प्रकृति और पर्यावरण को गती दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि वन महोत्सव का कार्यक्रम हमारे लिये केवल वृक्ष लगाने तक ही सीमित नहीं है, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारे दायित्व के निर्वहन का अवसर है। उन्होंने कहा कि पीपल का पवित्र पौधा लगाकर वन महोत्सव का शुभारम्भ किया गया है। पीपल भगवान विष्णु का प्रतिनिधित्व करता है।

उन्होंने कहा है कि प्रकृति और पर्यावरण के जितने अधिक सान्निध्य में हम सभी रहते हैं, विभिन्न प्रकार के रोगों से लड़ने की उतनी अधिक क्षमता हमारे पास होती है। जब भी हमने प्रकृति के विपरीत आचरण किया और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ किया, उसका दुष्परिणाम पूरी जीव सृष्टि को भुगतना पड़ा। प्रकृति और पर्यावरण के समन्वय के महत्व का अनुमान हम वर्तमान में लगा सकते हैं, पूरी दुनिया विगत सवा वर्ष से कोरोना महामारी से जूझ रही है। चूंकि मनुष्य इस जीव सृष्टि का सर्वश्रेष्ठ प्राणी माना गया है, वह ही सर्वाधिक इसकी चपेट में भी आया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2021 में प्रदेश सरकार ने वन महोत्सव के दौरान एक जुलाई से सात जुलाई के बीच 30 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा है। इस वर्ष 04 जुलाई को एक ही दिन 25 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वन विभाग सहित ग्राम्य विकास, पंचायती राज, लोक निर्माण, शिक्षा आदि प्रदेश शासन के अन्य विभाग अहिर्निश प्रयास कर रहे हैं।
योगी ने सभी से रविवार 04 जुलाई, 2021 को, कोरोना महामारी से बचाव के निर्धारित प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए, वृक्षारोपण महा अभियान के साथ जुड़ने की अपील की। राज्य सरकार 30 करोड़ पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ सभी प्रदेशवासियों को इस वृहद अभियान से जोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में ग्राम पंचायतों में पौधे रोपित किए जाएं।

Related posts

Leave a Comment