दिल्ली पहुंचे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने केजरीवाल पर साधा निशाना

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा पूर्वांचल मोर्चा द्वारा सोमवार को बिहार के नवनियुक्त डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा का अभिवादन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान केन्द्रिय मंत्री गिरिराज सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, केन्द्रीय राज्य मीनाक्षी लेखी, सांसद मनोज तिवारी, राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख संजय मयूख मौजूद रहे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दोनों उपमुख्य मंत्रियों एवं गिरिराज सिंह का अभिनंदन किया। इस मौके पर सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि बिहार में जो जनादेश था उसी के अनुसार सरकार एक बार फिर से बनी है और उस सरकार के दो गणमान्य आज हम सभी के बीच उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बड़ी आबादी में पूर्वांचल से लोग आ कर काम कर रहे हैं और हम सभी पूर्वांचलवासी आज भी अपने आप पर गर्व करते हैं क्योंकि हम उस जगह से आते हैं जहां से कई इतिहास जुड़ा हुआ है। गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार के बगैर पूर्वांचल की कल्पना नहीं की जा सकती है और उसी बिहार के नवनिर्वाचित दो उपमुख्यमंत्री हैं जिन्होंने बिहार की जनता के

विश्वास पर ना सिर्फ उतरे हैं बल्कि कुछ लोग बिहार में लोकतंत्र के निर्णय के खिलाफ जबरन सरकार बनाने की कोशिश की जो अब खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि 1990 और 2005 के बीच भाजपा ने बिहार में संघर्ष किया और बिहारवासियों को जंगलराज से निकालने के लिए जो मेहनत की उसी का परिणाम है कि आज फिर बिहार में डबल इंजन की सरकार है। उपमुख्य मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दिल्ली के अंदर एक ऐसा मुख्यमंत्री है जो लालू प्रसाद से भी आगे निकल गया हैं। लालू यादव ने तो चारा घोटाला किया और जब रेल मंत्री बने तो नौकरी के बदले जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री तो शराब माफिया निकले जो दिल्ली को शराब नगरी बनाने में लगे थे।

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार वही है जहां से पूर्वांचल का उदय होता है और आज बिहार में एनडीए की सरकार बनते ही एक नए सूरज का उदय हुआ है जो विकास के रथ पर सवार है। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रतिभा, हुनर और कौशल को बचाने के लिए बिहार सरकार तत्पर है। इंडस्ट्री और रोजगार देने में जो बिहार सबसे आगे रहता था उसे लालू प्रसाद यादव की सरकार ने बर्बाद कर दिया लेकिन यह 21वीं सदी है और मोदी सरकार की नीति से देश लगातार आगे बढ़ रहा है।

Related posts

Leave a Comment