हाऊडी मोदीः स्वदेश लौटने पर PM मोदी का भव्य स्वागत

लोकतंत्र की अहमियत का विराट स्वरूप अमेरिका में देखने को मिला जो भारत के गौरव को बढ़ाने वाला है। आज विश्व का भारत के प्रति नजरिया बदला है जिसका श्रेय भारत के लोगों को जाता है। तीन वर्ष पूर्व आज के दिन भारत के जवानों ने सर्जिकल स्ट्राइक करके पूरे विश्व में भारत का मस्तक ऊंचा कर दिया-नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वपूर्ण और सफल विदेश यात्रा के बाद शनिवार को स्वदेश लौटने पर दिल्ली भाजपा की ओर से एयर फोर्स स्टेशन पालम पर उनका भव्य स्वागत किया गया। पारम्परिक वेशभूषा में हजारों कार्यकर्ता मोदी के स्वागत के लिये बेहद उत्साहित थे। अलग-अलग प्रदेशों के लोगों ने विभिन्न बैंडों के जरिये विविध धुनें बजाकर मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए सभी में भारी उत्साह था, ऐसा लग रहा था कि मोदी के स्वागत में लघु भारत का स्वरूप यहां उतर आया है।

अमेरिका के यूएन जनरल एसेम्बली में जलवायु, पर्यावरण के ऊपर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश को पूरी दुनिया ने सुना और सराहा। मोदी ने इस बात का भी जिक्र किया कि सिंग्ल यूज प्लास्टिक से भारत को मुक्त करने का अभियान शुरू कर दिया गया है। मोदी ने जहां विश्व भर के उद्योगपतियों को भारत में आकर निवेश करने का न्यौता दिया वहीं पर शांति का संदेश देते हुये विश्वभर से आतंकवाद खत्म करके जन कल्याण के साथ जग कल्याण के लिये विश्व के सभी देशों को एकजुट होने का भी संदेश दिया। मोदी की लोकप्रियता का अनुमान हाउडी मोदी कार्यक्रम में उनके स्वागत से लगाया जा सकता है, क्योंकि इस प्रकार का स्वागत और सम्मान शायद ही कभी किसी प्रधानमंत्री को मिला हो।

सात दिन की सफल विदेश यात्रा के बाद स्वदेश लौटे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू, दुष्यंत गौतम, केन्द्रीय मंत्री डाॅ. हर्ष वर्धन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, राष्ट्रीय मंत्री सरदार आर. पी. सिंह, सहित सभी सांसद, तीनों महापौर, विधायक, कार्यकर्ता हजारों लोगों ने स्वागत किया।

पीएम मोदी ने देशवासियों का धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुये कहा कि मैं हिन्दुस्तान के सभी भाइयों का सिर झुकाकर प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा कि 2014 में यू.एन. समिट में गया था और 2019 में भी गया, लेकिन दोनों का फर्क मैंने महसूस किया। विश्वभर से आये नेताओं के मन में भारत के प्रति सम्मान बढ़ा है क्योंकि 130 करोड़ देशवासियों ने भारत में दोबारा सरकार बनाई है। लोकतंत्र की अहमियत का विराट स्वरूप अमेरिका में देखने को मिला जो भारत के गौरव को बढ़ाने वाला है।

हाऊडी मोदी कार्यक्रम से भारत का मान सम्मान और ताकत तो बढ़ी ही लेकिन हूस्टन और टेक्सास में रहने वाले हमारे लोगों ने इतने कम समय में इतना विशाल कार्यक्रम करके अपनी ताकत दिखाई, मैं उनका भी धन्यवाद करता हूं। यू.एन. में हर किसी की जुबान पर हाऊडी मोदी था। पूरे विश्व में भारतीय किस तरह से प्रभाव डाल सकता है और पूरे विश्व का दिल जीत सकता है इसके लिये मैं भारतवर्ष के लोगों का धन्यवाद करता हूं। आज विश्व का भारत के प्रति नजरिया बदला है जिसका श्रेय भारत के लोगों को जाता है। आज 28 सितम्बर है और 3 साल पहले 28 सितम्बर को मैं पूरी रात एक भी पल नहीं सोया था। रातभर जागकर टेलीफोन की घंटी बजने का इंतजार रहा था सर्जिकल स्ट्राइक का। भारत के जवानों ने सर्जिकल स्ट्राइक करके आन-बान-शान से भारत का मस्तक पूरे विश्व में ऊंचा कर दिया, मैं उन वीर जवानों का भी अभिनंदन करता हूं। नवरात्र शक्ति की उपासना का पर्व है। नवरात्र कल से प्रारम्भ हो रहे हैं, इसके लिये मैं आप सभी को शुभकामनायें देता हूं।

#भारतीयजनतापार्टी #प्रधानमंत्रीनरेन्द्रमोदी #यूएनसमिट #सर्जिकलस्ट्राइक #नवरात्र #हाऊडीमोदी #एयरफोर्सस्टेशन #पालम

Related posts

Leave a Comment