आजादी के 67 वर्ष बीत गये, पहले की सरकार ने बापू के सपनों को पूरा नहीं किया- रघुवर दास

रांची। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर झारखण्ड के राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रांची के बापू वाटिका, मोरहाबादी, में बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

उन दोनों ने अपील किया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों का एक सुखद झारखंड एक स्वावलंबी झारखंड एक समृद्ध झारखंड, एक सुखद भारत एक समृद्ध भारत और एक स्वावलंबी भारत बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह के माध्यम से अत्याचार के प्रतिकार की अवधारणा की नींव सम्पूर्ण अहिंसा के सिद्धान्त पर रखी गयी थी, जिसने भारत को आजादी दिलाकर पूरी दुनिया के सामने लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों एवं स्वतन्त्रता के लिए आन्दोलन के नये स्वरूप को सामने रखा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 67वर्षों बाद गांधी जी के सपनों को पूरा करने का प्रयास हुआ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का एक सपना था कि स्वच्छ भारत का निर्माण हो। सीएम ने पिछली सरकारों पर बोलते हुए कहा कि आजादी के 67 वर्ष बीत गये लेकिन, पहले के किसी भी सरकार ने महात्मा के सपनों को पूरा करने में अपनी गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि पहली बार 2014 में जब एक गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना तो उन्होंने लाल किला से यह आह्वान किया कि हमें बापू की 150वीं जयंती पर स्वच्छ भारत उनके कदमों में देना है। पिछले 5 वर्षों में देशवासियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने का काम किया है। केंद्र एवं राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ स्वच्छ झारखंड एवं स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की संकल्प के साथ कहा कि 15 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प लेने की अपील किया है। इसे केवल सरकार या नगर निगम के भरोसे पूरा नहीं किया जा सकता है। इसके लिए हमें गांव, शहर, छोटी-छोटी गलियों में रहने वाले लोगों को जागरूक कर जिम्मेदार बनाना है। आम जनता को जिम्मेदारी उठानी पड़ेगी। सिंगल यूज प्लास्टिक सभी जीव जंतु पेड़ पौधों एवं मनुष्य के लिए एक बड़ा खतरा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी लोग मिलकर सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त झारखंड सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने में अपनी महती भूमिका निभानी है।

#राष्ट्रपिता #महात्मागांधी150वींजयंती #झारखण्ड #द्रौपदीमुर्मू #रघुवरदास #रांची #मोरहाबादी

Related posts

Leave a Comment