ग्लोबल वार्मिंग आज देश के लिए गंभीर चुनौती है-कृषि राज्यमंत्री

ब्यूरो, बिहार। समस्तीपुर में पूसा के मौसम वेधशाला उद्घाटन के मौक पर गए केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी का पटना हवाई अड्डे पर भाजपा किसान मोर्चा और भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों की ओर से भव्य स्वागत हुआ। इस मौके पर कैलाश चौधरी ने कहा कि विपरीत परिस्थिति में भी अधिक पैदावार हो सके, इसके लिए कृषि वैज्ञानिकों और छात्रों को काफी कुछ करने की जरूरत है। बीज से लेकर बाजार तक की पूरी प्रक्रिया में इनोवेशन की जरूरत है।
मंत्री समस्तीपुर के डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि (पूसा) में सोमवार को मौसम वेधशाला और जल प्रबंधन और उत्कृष्टता केंद्र के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री चौधरी ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री चौधरी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग आज देश के लिए गंभीर चुनौती है। ऊपर से खेती की कम जमीन व जलवायु परिवर्तन भी बड़ा खतरा है। ग्लोबल वार्मिंग से निपटने में कृषि वैज्ञानिकों व छात्रों की बड़ी भूमिका हो सकती है। केंद्र ने इसकी शुरुआत की है। आप भी योगदान देकर सार्थक कदम उठा सकते हैं। किसानों की खुशहाली ही शिक्षा की सार्थकता का मापदंड है। छात्र कृषि विकास में योगदान देकर समृद्ध देश बना सकते हैं।

कैलाश चौधरी ने कहा कि कृषि क्षेत्र की मजबूती के लिए देशव्यापी प्रयास जारी है। कृषि मंडियां ईएनएएम पोर्टल से जुड़ी हैं। नीम कोटेड यूरिया, टेक्नोलॉजी के उपयोग से लेकर मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड तक, फसल बीमा योजना, किसान संपदा योजना का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को अधिक लाभदायक बनाना है। आइ मंडी एप से किसानों को डिजिटल सुविधा से जोड़ा गया है।

Related posts

Leave a Comment