CM केजरीवाल के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, झूठे वायदे का आरोप

अरविंद केजरीवाल ने वायदा किया था कि वह डीटीसी बसों में सीसीटीवी कैमरा लगवाएंगे, कैमरा तो छोड़िए आज डीटीसी बसों की स्थिति जर्जर हो चुकी है।

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश महिला मोर्चा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर झूठे वायदे करने का आरोप लगाते मुख्यमंत्री निवास के बाहर दिल्ली को शराब की नगरी बनाने और केजरीवाल के झूठे वायदों की पोल खोलने के लिए महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभिन्न राज्यों में अपने चुनाव अभियान के दौरान केजरीवाल जनता को जितने वायदे कर रहे हैं उनमें से एक भी वायदा दिल्ली की जनता के लिए पूरा नहीं किया।

प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्षा योगिता सिंह ने किया। योगिता सिंह ने कहा कि केजरीवाल पंजाब और उत्तराखंड में हर महिला को प्रतिमाह एक हज़ार रुपये देने की बात कर रहे हैं। वे पहले उसे दिल्ली में पूरा करें। उन्होंने कहा कि वे पहले बेरोजगारों को भत्ता देने की बात कह चुके हैं लेकिन दिल्ली के हज़ारों बेरोजगार आज भी भत्ते के इंतजार में हैं।

योगिता सिंह ने कहा कि महिला कल्याण और सुरक्षा की बात करने वाले अरविंद केजरीवाल ने वायदा किया था कि वह डीटीसी बसों में सीसीटीवी कैमरा लगवाएंगे, कैमरा तो छोड़िए आज डीटीसी बसों की स्थिति जर्जर हो चुकी है। उनके द्वार महिलाओं की शिक्षा के लिए 500 से ज्यादा विद्यालय-कॉलेज खोले जाने का वायदा भी महज जुमला साबित हुआ। उन्होंने कहा कि आज तो शिक्षा व्यवस्था की स्थिति यह है कि जो शिक्षक पढ़ा रहे हैं, उन्हें वेतन भी देने में नाकाम साबित हुए हैं। यही नहीं महिला सम्मान की बात करने वाले केजरीवाल को जवाब देना चाहिए कि आखिर उनके कैबिनेट में एक भी महिला क्यों नहीं है।

Related posts

Leave a Comment