एक वोट देश की तकदीर बदल देता है-सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक वोट कितना कीमती हो सकता है यह आपने कल और परसों महसूस किया होगा। बचपन से हम सुनते रहे होंगे कि ’होली खेले रघुवीरा अवध में…. ’लेकिन क्या 500 वर्षों से रामलला ने अवध में होली खेली थी, लेकिन आपके एक वोट ने साबित कर दिया कि रामलला अवध में होली खेलेंगे। आपका एक वोट देश की तकदीर को बदल सकता है। धारा-370 हटा दिया गया। क्या कोई और पार्टी यह कर पाती। उग्रवाद व आतंकवाद के ताबूत पर आखिरी कील ठोक दी गई। अब हमारे सुरक्षा जवानों पर पत्थरबाजी नहीं होती, बल्कि लोकतंत्र की बहारें जम्मू-कश्मीर के अंदर खिलते हुई दिखाई दे रही हैं। आपके एक वोट ने पूर्वोत्तर भारत को उग्रवाद से मुक्त कर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में प्रबुद्धजनों से संवाद किया। सीएम ने यहां विधायक व भारतीय जनता पार्टी से लोकसभा उम्मीदवार अतुल गर्ग के पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए एक-एक वोट की कीमत समझाई। सीएम ने कहा कि देश से आवाज आ रही है ’अबकी पार-400 पार’, फिर एक बार मोदी सरकार’। सीएम योगी ने कहा कि जीवन की सुगमता के लिए एक-एक वोट की कीमत है। सुरक्षा, बेहतर वातावरण, अच्छी कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा व व्यापार के लिए अनुकूल माहौल हो, 2014 के पहले देश व 2017 के अंदर प्रदेश में ऐसा माहौल नहीं था। 1998 में मैं सांसद था, गाजियाबाद आने में हम हिचकते थे। गाजियाबाद अपराध व दूसरा गंदगी के लिए जाना जाता था। आज गाजियाबाद स्मार्ट सिटी में नंबर वन है।

गाजियाबाद पुलिस रिफॉर्म का सबसे अच्छा उदाहरण बनता जा रहा है। वर्षों से जिन लोगों को मकान नहीं मिल पा रहे थे, गाजियाबाद में आज उन बायर्स को बिल्डर समय पर मकान दे रहे हैं। यह केवल बिल्डर की गलती नहीं थी, बल्कि सरकार की अकर्मण्यता भी थी। पहले की सरकारें निर्णय नहीं ले पा रही थीं, अब सरकार ने दोनों के बीच संवाद कराया तो बिल्डर-बायर्स की समस्या का समाधान हो रहा है। लाखों लोगों को आवास मिल रहा है। वे अब स्वयं के मकान में रह रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment