World Nature Conservation Day: विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस पर LG ने किया वृक्षारोपण का शुभारंभ

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम ने विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस (World Nature Conservation Day) के अवसर पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना (Vinay Kumar Saxena) विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के उपलक्ष में वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम का समापन उपराज्यपाल ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी के निकट स्थित कुदसिया बाग में चंदन का पौधा लगा कर किया। इस अवसर पर चांदनी चौक के सांसद हर्षवर्धन, (Dr Harsh Vardhan) विशेष अधिकारी दिल्ली नगर निगम अश्वनी कुमार व आयुक्त दिल्ली नगर निगम ज्ञानेश भारती उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कहा कि निगम ने एक लाख वृक्षारोपण के लक्ष्य के मुकाबले 1,09,768 पेड़ लगाए हैं जो वाकई में काबिलेतारीफ है। इसके लिए उन्होंने निगम के विशेष अधिकारी, निगमायुक्त सहित उद्यान विभाग के सभी कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जितना महत्व हमारे जीवन में भोजन का है उतना ही महत्व वृक्षों का भी है। उन्होंने बताया की पिछले हफ्ते असोला भाटी में भी एक लाख पौधे लगाए गए थे तथा अगले महीने भी दिल्ली में एक लाख बांस के पेड़ लगाए जायेंगे। उन्होंने नागरिकों से मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने का भी अनुरोध किया। उन्होंने दिल्ली के नागरिकों से अनुरोध किया कि उन्हें हर मौसम में पेड़ लगाने हैं एवं उनकी देखभाल भी करनी है। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पेडों की जिओ टैगिंग के माध्यम से निगरानी की जाए ताकि उनकी उचित देखभाल हो सके।

चांदनी चौक के सांसद डाॅ हर्षवर्धन ने कहा कि अगर हम वृक्षों को नहीं बचा पाए तो हमारे अन्य सभी प्रयास बेकार हो जायेंगे। उपराज्यपाल महोदय के नेतृत्व में वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। हमारे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वृक्षों का बड़ा महत्व है। हमारे धार्मिक ग्रंथों में भी एक वृक्ष को 10 पुत्रों के बराबर माना गया है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग में 25 प्रतिशत योगदान वृक्षों के काटने से हुआ है। अगर हम आने वाली पीढ़ी के लिए वैसे ही वातावरण एवं पृथ्वी छोड़ कर जानी है जैसे हमारे बुजुर्ग हमारे लिए छोड़ कर गए थे तो हमे अधिक से अधिक वृक्ष लगाने होंगे।

दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी अश्वनी कुमार ने कहा कि अगर हम पृथ्वी के 50 वर्ष पूर्व के और आज के चित्रों का मिलन करें तो पाएंगे कि पहले के मुकाबले आज हमारी पृथ्वी का हरित क्षेत्र काफी कम हुआ है। हमें माननीय उपराज्यपाल महोदय के नेतृत्व में दिल्ली को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने के लिए प्रयास करने होंगे।

दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती ने इस अवसर पर कहा कि निगम आज जो इस वृक्षारोपण के विशाल लक्ष्य को प्राप्त कर पाया है इसके लिए हमारे माली एवं चैधरी बधाई के पत्र हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिल्ली का हरित क्षेत्रफल 23 से 24 प्रतिशत है जिसे हम उपराज्यपाल महोदय के नेतृत्व में कार्य करते हुए 33प्रतिशत तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Related posts

Leave a Comment