राष्ट्रपति मुर्मू पर अभद्र टिप्पणी, कृषि राज्य मंत्री ने बताया आदिवासी समाज एवं महिलाओं का अपमान

यु.सि.,नई दिल्ली। कांग्रेस नेता अधीर रंजन का विवादित बयानों से पुराना नाता है, हाल फिलहाल में अधीर रंजन (Adhir Ranjan) द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर किए गये अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेताओं की जमकर किरकिरी हो रही है। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी (Kailash Choudhary) ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और उसके नेतृत्व पर करारा हमला बोला है।

श्री चौधरी ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) पर की गई अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि देश की राष्ट्रपति के सन्दर्भ में ऐसी स्तरहीन भाषा का प्रयोग करना घोर निंदनीय और देश की गरिमा पर प्रहार है। इस प्रकार की अनर्गल बयानबाजी के लिए कांग्रेस नेता अधीर रंजन एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पूरी कांग्रेस पार्टी की ओर से देश की जनता से तुरंत प्रभाव से माफी मांगी जानी चाहिए।

मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एवं कांग्रेसी नेताओं की मानसिकता का दिवालियापन हो गया है। उन्होंने कहा, देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर आसीन आदिवासी अस्मिता की प्रतीक श्रीमती मुर्मू पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा अशोभनीय टिप्पणी करना कांग्रेस के संस्कारों और जनजातीय समाज के प्रति घृणा का निर्लज्ज प्रदर्शन है।

कैलाश चौधरी ने कहा कि श्रीमती मुर्मू के लिए अपमानजनक शब्द प्रयोग करना बहुत ही दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सिर्फ उनका नहीं बल्कि देश की महिला शक्ति व पूरे आदिवासी समुदाय का अपमान है। यह कोई साधारण गलती नहीं अपितु देश के जनजातीय समाज एवं महिला शक्ति को नीचा दिखाने के लिए जानबूझकर की गई हरकत है।

Related posts

Leave a Comment