दिल्ली कांग्रेस के नए अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली ने संभाला पदभार

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने दिल्ली कांग्रेस कमेटी में बड़ा बदलाव करते हुए अरविंदर सिंह लवली को दूसरी बार नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली ने आज गुरुवार को औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। निवर्तमान अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार ने अरविन्दर सिंह लवली को विधिवत चार्ज देते हुए चुनौती पूर्ण समय में काम करने का सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन, सुभाष चौपड़ा, जय प्रकाश अग्रवाल, चौ0 अनिल कुमार के अलावा कांग्रेस कार्यसमित के सदस्य मौजूद रहे।

अरविन्दर सिंह लवली को 31 अगस्त को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष चुना गया था। शीला दीक्षित सरकार में मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण विभाग संभालने वाले 54 वर्षीय लवली पहले भी दिसंबर 2013 से फरवरी 2015 तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके है। अप्रैल 2017 में लवली ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। माना जा रहा था कि अरविंदर सिंह लवली कांग्रेस आलाकमान की अनदेखी से नाराज थे। उनकी नाराजगी की वजह दिल्ली कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन की कार्यशैली थी, लेकिन कुछ समय बाद लवली ने घर वापसी की और फिर से कांग्रेस का हाथ थाम लिया। लवली को कांग्रेस आलाकमान ने ऐसे समय में प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है जब पार्टी दिल्ली में अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।
अध्यक्ष के रूप में लवली के सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली में कांग्रेस का खोया जनाधार हासिल करना और इसके साथ ही उनके सामने दो और बड़ी चुनौती है लोकसभा चुनाव और दिल्ली विधानसभा चुनाव।

Related posts

Leave a Comment